बैतूल (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश के बैतूल जिले से इंसान और उसके पालतू जानवर के बीच अटूट रिश्ते की एक भावुक कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक पालतू कुत्ते ने अपने मालिक के निधन का ऐसा सदमा झेला कि अर्थी उठते ही उसने भी दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक के साथ करीब 15 वर्षों से रह रहा पालतू कुत्ता ‘जुगु’ अपने मालिक से बेहद जुड़ा हुआ था। परिवार के लोगों ने बताया कि जैसे ही अंतिम संस्कार के लिए मालिक की अर्थी घर से उठाई गई, जुगु अचानक वहीं गिर पड़ा और उसकी भी मौत हो गई।
इस घटना के बाद परिजनों ने मालिक और उसके वफादार साथी की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली। इस दृश्य को देखकर अंतिम यात्रा में शामिल लोगों की आंखें नम हो गईं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह घटना इंसान और उसके पालतू जानवर के बीच गहरे प्रेम, लगाव और वफादारी की अनोखी मिसाल है।





