सीतामढ़ी: जिले के रुन्नीसैदपुर प्रखंड स्थित बागमती नदी के खड़का घाट पर शनिवार को बड़ा नाव हादसा होते-होते टल गया। क्षमता से अधिक करीब 35 से 40 यात्रियों को लेकर नदी पार कर रही एक नाव बीच धारा में असंतुलित होकर पलट गई। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
नाव पलटते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद स्थानीय ग्रामीणों और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए नदी में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने या गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बागमती नदी के इस घाट से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग नाव के माध्यम से आवागमन करते हैं। उनका आरोप है कि पर्याप्त एवं सुरक्षित नावों की व्यवस्था नहीं होने के कारण अक्सर क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर बैठाया जाता है, जिससे हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है।
घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से नाव परिचालन की नियमित निगरानी करने, ओवरलोडिंग पर सख्ती से रोक लगाने तथा यात्रियों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने की मांग की है।


