मुजफ्फरपुर: बिहारी वेल्फेयर सोसाइटी (BWS) के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय भाई ने कहा कि केंद्र और बिहार, दोनों जगह एनडीए की सरकार है। ऐसे में अब बिहार की जनता को उद्योग, रोजगार और रेल सुविधाओं के विस्तार के नाम पर बहाने नहीं, बल्कि धरातल पर परिणाम देखने हैं।
रविवार को मुजफ्फरपुर में आयोजित BWS के ‘बिहार सघन दौरा कार्यक्रम’ को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने एनडीए को राज्य के सर्वांगीण विकास की उम्मीद के साथ जनादेश दिया है। अब सरकार की जिम्मेदारी है कि उद्योग, रोजगार और बुनियादी ढांचे के विकास के क्षेत्र में ठोस पहल करे।
संजय भाई ने कहा कि बिहार में बड़े पैमाने पर उद्योग स्थापित होने से युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार मिलेगा, जिससे पलायन पर रोक लगेगी और बिहार आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ेगा। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार से उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए समयबद्ध और प्रभावी रोडमैप तैयार करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि बिहारी वेल्फेयर सोसाइटी बिहार के विकास, रोजगार सृजन और पलायन जैसे मुद्दों को लगातार सरकार के समक्ष उठाती रहेगी। संगठन जनता के हितों के लिए आवाज बुलंद करता रहेगा।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक एवं संगठन के महासचिव दुर्गा प्रसाद सिंह, वरिष्ठ समाजसेवी एवं होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. हेम नारायण विश्वकर्मा, समाजसेवी महेंद्र प्रधान तथा रोशन कुमार कुशवाहा ने BWS के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय भाई, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के.एल. गुप्ता और सोशल मीडिया प्रभारी राजू कुमार कुशवाहा का स्वागत किया।




