देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में नंदा की चौकी पर बने नव-निर्मित पुल को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो के बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने स्थिति स्पष्ट की है। विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने कहा कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है और केवल एप्रोच रोड का एक हिस्सा भारी बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुआ है।
उन्होंने बताया कि लगातार हो रही बारिश के चलते एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह जाने के कारण सड़क का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि पुल की संरचना को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। क्षतिग्रस्त एप्रोच रोड की मरम्मत युद्ध स्तर पर की जा रही है और जल्द ही यातायात सामान्य कर दिया जाएगा।
PWD सचिव ने यह भी बताया कि मानसून के दौरान राज्यभर में सड़कों को हुए नुकसान का आकलन जारी है। मंगलवार सुबह तक करीब 150 सड़कें बंद थीं। विभाग का लक्ष्य है कि बंद हुई प्रत्येक सड़क को 24 घंटे के भीतर खोल दिया जाए। यदि किसी सड़क को इस अवधि में खोलना संभव नहीं होता, तो उसकी सूचना मुख्य अभियंता (ENC) को भेजी जाती है ताकि अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराकर कार्य में तेजी लाई जा सके।
विभाग ने बताया कि बंद सड़कों की रियल-टाइम जानकारी, फोटो, लोकेशन और अनुमानित खुलने का समय PWD रोड क्लोजर पोर्टल पर उपलब्ध कराया जा रहा है, जिसे आम लोग भी देख सकते हैं।






