नई दिल्ली। पश्चिमी दिल्ली के उत्तम नगर स्थित विजय सेल्स के इलेक्ट्रॉनिक्स शोरूम में बुधवार तड़के भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरे चार मंजिला भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें पास के एक जूते के शोरूम तक भी पहुंच गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
दिल्ली अग्निशमन सेवा (DFS) के अनुसार, आग लगने की सूचना सुबह करीब 4:15 बजे मिली। सूचना मिलते ही शुरुआती चरण में तीन वाटर टेंडर और छह वाटर बाउजर मौके पर भेजे गए। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में 15 से अधिक दमकल गाड़ियां और 75 से ज्यादा दमकलकर्मी आग बुझाने के अभियान में जुट गए। करीब 6:30 बजे आग पर काबू पा लिया गया, जिसके बाद लंबे समय तक कूलिंग ऑपरेशन चलता रहा।

अधिकारियों के मुताबिक, आग शोरूम के बेसमेंट से शुरू हुई और तेजी से पूरे ग्राउंड प्लस तीन मंजिला भवन में फैल गई। आग की चपेट में इलेक्ट्रॉनिक सामान, विद्युत उपकरण, फर्नीचर और अन्य सामग्री आ गई, जिससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जांच के बाद आग के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।

घटना के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। शोरूम से उठता धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई दिया। स्थानीय लोगों और दमकलकर्मियों की सतर्कता से आग को आसपास की इमारतों में अधिक फैलने से रोक लिया गया। फिलहाल पुलिस और अग्निशमन विभाग संयुक्त रूप से मामले की जांच में जुटे हैं।










