गया: जिले के गया जंक्शन पर नशे के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सुरक्षा एजेंसियों ने तेजस राजधानी एक्सप्रेस के AC-2 कोच से करीब 15.82 किलो गांजा बरामद किया है। इस मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। बरामद गांजे की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन में मादक पदार्थ ले जाए जाने की सूचना के आधार पर सुरक्षा एजेंसियों की टीम ने गया जंक्शन पर जांच अभियान चलाया। इसी दौरान AC-2 कोच में एक महिला यात्री के सामान की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके बैग से गांजा बरामद हुआ।
मामले में गिरफ्तार महिला की पहचान मीणा कुमारी के रूप में बताई गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां महिला से पूछताछ कर रही हैं। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाया जाना था।
बरामद गांजे को जब्त कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कोई संगठित गिरोह तो सक्रिय नहीं है।










