मुजफ्फरपुर: जिले के बोचहां थाना क्षेत्र अंतर्गत आदिगोपालपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप शनिवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में स्कूटी सवार दो युवतियों की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने पीछे से स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मृतक युवतियों की पहचान बोचहां थाना क्षेत्र के शर्फुद्दीनपुर (गोपालपुर) निवासी नेहा कुमारी (20 वर्ष) और निशु कुमारी (22 वर्ष) के रूप में हुई है। दोनों एक निजी बैंक से जुड़े महिला स्वयं सहायता समूह के लिए फील्ड कर्मी के रूप में कार्यरत थीं और शनिवार सुबह स्कूटी से अपने कार्य पर जा रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पूर्णिया की ओर से आ रही तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने आदिगोपालपुर पेट्रोल पंप के पास स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन में सवार लोग मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों युवतियों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना की जांच की जा रही है तथा वाहन चालक और उसमें सवार लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
स्थानीय लोगों का दावा है कि दुर्घटनाग्रस्त फॉर्च्यूनर पर राजनीतिक झंडा लगा हुआ था और वाहन एक राजनीतिक हस्ती से जुड़ा बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है।










