समस्तीपुर: बिहार के समस्तीपुर जिले में निर्माणाधीन बख्तियारपुर–ताजपुर गंगा महासेतु पर रविवार को बड़ा हादसा हो गया। पुल निर्माण के दौरान क्रेन से उठाया जा रहा एक स्लैब अचानक गंगा नदी में गिर गया। हादसे में छह मजदूर घायल हो गए, जिनमें से पांच की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (PMCH) रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, निर्माण कार्य के दौरान क्रेन से स्लैब उठाया जा रहा था। इसी दौरान क्रेन की चेन टूट गई, जिससे भारी स्लैब सीधे गंगा नदी में जा गिरा। हादसे के समय वहां कार्य कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए और घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर हादसे का कारण क्रेन की चेन टूटना बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। राहत की बात यह रही कि यह हादसा निर्माणाधीन पुल के एक स्लैब तक सीमित रहा और पूरा पुल क्षतिग्रस्त नहीं हुआ।

