सीतामढ़ी: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) के इनपुट पर सीतामढ़ी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले के दो युवकों को पाकिस्तानी गैंगस्टर के संपर्क में रहने के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित भारत में किसी बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रच रहे थे।
सीतामढ़ी के पुलिस अधीक्षक (SP) ने बताया कि जांच एजेंसियों से प्राप्त गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। प्रारंभिक जांच में दोनों के पाकिस्तान स्थित गैंगस्टर से संपर्क होने के संकेत मिले हैं। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां मामले की गहन जांच में जुटी हैं तथा आरोपितों के मोबाइल फोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की भी जांच की जा रही है।
वहीं, गिरफ्तार युवकों के परिजनों ने आरोपों को निराधार बताया है। उनका कहना है कि उनके बेटे निर्दोष हैं। परिवार का कहना है कि यदि उनसे अनजाने में कोई गलती हुई भी है तो उसे माफ कर दिया जाए। परिजनों ने सरकार और जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच कर निर्दोष होने पर रिहा करने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दोनों का संपर्क किस माध्यम से हुआ, उनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा क्या किसी बड़ी साजिश की तैयारी की जा रही थी। मामले की जांच जारी है।


