पटना: लोहार समाज की आरक्षण संबंधी मांग को लेकर सोमवार को समाज के लोगों और नेताओं ने पटना स्थित भाजपा कार्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन के दौरान समाज के लोग कार्यालय के गेट के सामने शांतिपूर्ण तरीके से जमीन पर बैठ गए।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि लोहार और लोहारा नाम को लेकर लंबे समय से चले आ रहे विवाद के कारण समाज के लोग अनुसूचित जनजाति (ST) के आरक्षण लाभ को लेकर परेशानी का सामना कर रहे हैं। इसी मांग को लेकर समाज की ओर से सरकार के समक्ष अपनी बात रखने के लिए प्रदर्शन किया गया।
प्रदर्शन की जानकारी मिलने के बाद बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार चंद्रवंशी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच जमीन पर बैठकर उनकी बातें सुनीं और उनकी मांगों को समझने का प्रयास किया।
मंत्री ने समाज के लोगों से पांच प्रतिनिधियों के नाम लिखित रूप से देने को कहा। उन्होंने कहा कि इन प्रतिनिधियों की जल्द मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कराने का प्रयास किया जाएगा।
समाज के लोगों ने अपनी मांगों के समाधान की उम्मीद जताते हुए सरकार से इस मामले में पहल करने की मांग की।



