पटना की यातायात व्यवस्था को और बेहतर एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बल में 400 नए पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया है।
पुलिस अधीक्षक (यातायात) के आदेशानुसार पुलिस उपाधीक्षक द्वारा सभी नव नियुक्त पुलिसकर्मियों को ब्रीफिंग दी गई। इस दौरान उन्हें आम जनता के प्रति शालीन व्यवहार, यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने तथा सड़क पर वाहनों का सुचारु संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
ब्रीफिंग के दौरान जवानों को बताया गया कि आम नागरिकों और वाहन चालकों से बातचीत करते समय हमेशा विनम्र भाषा का प्रयोग करें। साथ ही, सड़क पर यातायात नियमों का प्रभावी ढंग से पालन कराते हुए जाम की स्थिति न बनने देने पर विशेष ध्यान दें।
इसके अलावा सभी कर्मियों को अपने वरिष्ठ अधिकारियों के आदेशों का पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पालन करने के निर्देश भी दिए गए।
पटना ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि इन नए पुलिसकर्मियों की तैनाती से राजधानी में यातायात व्यवस्था को और अधिक प्रभावी तथा सुगम बनाने में मदद मिलेगी।










