मुजफ्फरपुर में आभूषण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या, गहनों से भरा झोला लूटने का प्रयास
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सोमवार को एक आभूषण व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना सदर थाना क्षेत्र की कच्ची-पक्की ओपी अंतर्गत माधोपुर चौक के पास हुई। मृतक की पहचान स्थानीय आभूषण कारोबारी दीपक कुमार गुप्ता के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार दीपक कुमार गुप्ता देर शाम अपनी आभूषण दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। उनके पास दुकान के कीमती गहनों से भरा एक झोला था। घर से लगभग 100 मीटर पहले माधोपुर चौक के पास पहले से घात लगाए बैठे बाइक सवार दो अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने गहनों से भरा झोला छीनने की कोशिश की। जब दीपक कुमार गुप्ता ने लूटपाट का विरोध किया तो अपराधियों ने उन पर गोली चला दी। एक गोली उनके सीने में और दूसरी कमर में लगी। गोली लगते ही वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल व्यवसायी को तुरंत बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार उन्हें अस्पताल पहुंचने से पहले ही मृत अवस्था में लाया गया था।
मृतक के बेटे दुर्गेश ने बताया कि उनके पिता माधोपुर चौक स्थित अपनी आभूषण दुकान से लौट रहे थे। घर के पास एक बाइक सवार अपराधी पिस्तौल के बल पर झोला छीनने का प्रयास कर रहा था। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटने लगे, तभी बदमाशों ने दो गोलियां मार दीं
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला लूटपाट के दौरान हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन कर दिया है।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा।
मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार उनके बेटे की सगाई 22 तारीख को होने वाली थी, लेकिन उससे पहले ही यह दर्दनाक घटना घट गई।










