मुजफ्फरपुर: शहीद खुदीराम बोस केंद्रीय कारा, मुजफ्फरपुर में शुक्रवार की सुबह जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब चार बजे शुरू हुई छापेमारी ढाई घंटे से अधिक समय तक चली। इस दौरान जेल के विभिन्न वार्डों एवं कक्षों की गहन तलाशी ली गई तथा सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया गया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, भोजन की व्यवस्था और जेल के प्रशासनिक प्रबंधन की समीक्षा की। अधिकारियों ने बताया कि यह नियमित जांच का हिस्सा था। निरीक्षण के दौरान कोई भी आपत्तिजनक या प्रतिबंधित सामग्री नहीं मिली। जेल की व्यवस्था सामान्यतः संतोषजनक पाई गई।
जिलाधिकारी एवं वरीय पुलिस अधीक्षक ने काराधीक्षक को जेल मैनुअल के प्रावधानों के अनुरूप कारा का संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही जेल परिसर में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए सतत निगरानी रखने और नियमों का सख्ती से पालन कराने को कहा।
जिलाधिकारी ने कहा कि सरकार के निर्देशानुसार जेलों का नियमित औचक निरीक्षण किया जाता है। इसका उद्देश्य जेल प्रशासन में अनुशासन बनाए रखना, बंदियों को नियमानुसार सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी जेल परिसर में आकस्मिक जांच और छापेमारी जारी रहेगी।










