मुज़फ्फरपुर: शहर के सिकंदरपुर मरीन ड्राइव के उद्घाटन के अगले ही दिन सोमवार को वहां चोरी के आरोप को लेकर हंगामा हो गया। स्थानीय लोगों ने कथित तौर पर बिजली के तार चोरी करने के आरोप में दो युवकों को पकड़ लिया। इसके बाद डायल 112 को सूचना दी गई, जिसके पहुंचने पर दोनों युवकों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मरीन ड्राइव पर लगी एक दुकान से बिजली का तार चोरी करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने दोनों युवकों को पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची डायल 112 की टीम दोनों को अपने साथ लेकर चली गई।
वहीं, पकड़े गए युवकों में से एक आनंद कुमार ने चोरी के आरोपों से इनकार किया है। आनंद का कहना है कि वह एक कपड़े की दुकान में काम करता है और नाश्ता करने के लिए अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान उसके एक दोस्त ने उसे मरीन ड्राइव पर बुलाया। आनंद का आरोप है कि वहां मौजूद कुछ लोगों ने बिना वजह उसके साथ मारपीट की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। उसने स्वयं को निर्दोष बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। आनंद सिकंदरपुर का ही रहने वाला बताया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि वास्तव में चोरी हुई थी या फिर किसी गलतफहमी के कारण दोनों युवकों को पकड़ा गया। पुलिस का कहना है कि सभी पक्षों से पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










