मुजफ्फरपुर: जिले के मड़वन प्रखंड अंतर्गत रक्सा पंचायत में पूर्व मुखिया इंदल शाह, संतोष शाह और तस्लीम मियां के बीच जमीन विवाद का मामला सामने आया है। इस विवाद में सभी पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं। मामला फिलहाल पुलिस और न्यायालय में विचाराधीन है।
आम समाचार की टीम ने सबसे पहले पूर्व मुखिया इंदल शाह से बातचीत की। उन्होंने आरोप लगाया कि संतोष शाह और उसके भाई मनोज शाह ने दबंगई करते हुए उनके साथ मारपीट की। उनका कहना है कि चुनावी रंजिश के कारण उनकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है। इंदल शाह का यह भी कहना है कि संतोष शाह और तस्लीम मियां के बीच चल रहे जमीन विवाद से उनका कोई संबंध नहीं है।
इसके बाद आम समाचार की टीम ने दूसरे पक्ष तस्लीम मियां से बातचीत की। तस्लीम मियां ने बताया कि उनका और संतोष शाह के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है तथा उनके पास संबंधित जमीन के सभी दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि संतोष शाह और मनोज शाह ने दबंगई करते हुए पूर्व मुखिया इंदल शाह के साथ मारपीट की। उन्होंने यह भी बताया कि इस मामले में पानापुर करियात थाना में शिकायत दर्ज है तथा मामला न्यायालय में टाइटल सूट के रूप में लंबित है।
वहीं तीसरे पक्ष संतोष शाह और मनोज शाह ने आम समाचार से बातचीत में अलग दावा किया। संतोष शाह ने कहा कि उनका तस्लीम मियां और पूर्व मुखिया इंदल शाह से अलग-अलग जमीन विवाद चल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदल शाह और तस्लीम मियां दोनों भू-माफिया हैं।
संतोष शाह के अनुसार, पूर्व मुखिया इंदल शाह के साथ उनका विवाद मोहम्मदपुर शुबे पंचायत के बगही गांव स्थित लगभग 12 डिसमिल जमीन को लेकर है, जबकि तस्लीम मियां के साथ विवाद रक्सा पंचायत में उनके घर के पीछे स्थित पुश्तैनी जमीन को लेकर है। उनका दावा है कि उक्त जमीन उनके दादा-परदादा की है और उस पर गलत तरीके से कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है।
संतोष शाह ने यह भी आरोप लगाया कि मारपीट की घटना में पूर्व नियोजित तरीके से उनके भाई के साथ मारपीट की गई तथा उनकी मां और पत्नी के सोने के जेवर भी छीन लिए गए। उनका कहना है कि उनका भाई फिलहाल सदर अस्पताल में इलाजरत है।
तीनों पक्षों के अलग-अलग दावों और आरोपों के बाद मामला अभी भी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाया है। सभी पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, जिससे यह विवाद और अधिक उलझा हुआ प्रतीत हो रहा है।
इस संबंध में मड़वन प्रखंड के अंचलाधिकारी पुष्कल कुमार से बातचीत की गई। उन्होंने बताया कि यह मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं आया है।
वहीं पानापुर करियात थाना की प्रभारी सुमित्रा कुमारी ने बताया कि मामले में शिकायत दर्ज कर ली गई है और पुलिस जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल जांच जारी रहने के कारण उन्होंने अधिक जानकारी देने से इनकार किया।
नोट: यह समाचार संबंधित पक्षों के बयानों पर आधारित है। मामले की सच्चाई का अंतिम निर्णय पुलिस जांच और न्यायालय की प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगा।










