मुजफ्फरपुर: शहर के मीनापुर स्थित करीब 32 वर्ष पुराना आम्रपाली ऑडिटोरियम अब पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। कभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नाट्य प्रस्तुतियों, सम्मान समारोहों और विभिन्न सामाजिक आयोजनों का प्रमुख केंद्र रहा यह सभागार अब इतिहास का हिस्सा बन गया है। वर्षों तक शहर की सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहे इस ऑडिटोरियम से लोगों की कई यादें जुड़ी हुई हैं।
अब इस स्थान पर करीब 12 करोड़ 31 लाख रुपये की लागत से एक अत्याधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण कराया जाएगा। प्रस्तावित नए सभागार में लगभग 1,000 दर्शकों के बैठने की क्षमता, 50×40 फीट का विशाल मंच, आधुनिक साउंड सिस्टम, सेंट्रल एसी तथा अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी। अधिकारियों के अनुसार निर्माण कार्य को 18 माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

नए ऑडिटोरियम के निर्माण से मुजफ्फरपुर की सांस्कृतिक गतिविधियों को नई गति मिलने की उम्मीद है। कलाकारों, साहित्यकारों और विभिन्न संस्थाओं को आधुनिक सुविधाओं से लैस मंच उपलब्ध होगा, जिससे राष्ट्रीय एवं राज्यस्तरीय कार्यक्रमों के आयोजन में भी सहूलियत होगी।
हालांकि, पुराने आम्रपाली ऑडिटोरियम के टूटने से शहरवासियों में भावनात्मक जुड़ाव भी देखने को मिल रहा है। कई लोगों का कहना है कि इस सभागार से उनकी वर्षों पुरानी यादें जुड़ी हैं। ऐसे में पुराने भवन की विदाई के साथ ही शहर एक नए सांस्कृतिक अध्याय की शुरुआत की ओर बढ़ रहा है।










