मुजफ्फरपुर: बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में 472 अंक लाकर जिले का नाम रोशन करने वाले छात्र शुभम कुमार पिछले 25 जुलाई से लापता हैं। शुभम दिल्ली विश्वविद्यालय के रामजस कॉलेज में बी.ए. (ऑनर्स) इतिहास के छात्र हैं। उनके लापता होने के बाद परिवार परेशान है और लगातार उनकी तलाश में जुटा हुआ है।
शुभम के पिता संजीत शर्मा ने बताया कि शुभम गर्मी की छुट्टियां बिताने के बाद वापस दिल्ली गए थे। इसके बाद वह अपने कुछ दोस्तों के साथ हरिद्वार गए, लेकिन वहीं से उनका संपर्क परिवार से टूट गया। काफी तलाश के बावजूद जब उनका कोई पता नहीं चला तो दिल्ली के मुखर्जी नगर थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
परिजनों का कहना है कि अब उन्हें सूचना मिली है कि शुभम जयपुर में किसी के कब्जे में हो सकता है। इस सूचना के बाद परिवार जयपुर पहुंच चुका है। उनका दावा है कि शुभम फोन पर संपर्क कर रहा है और उनकी लोकेशन मांग रहा है, लेकिन सुरक्षा कारणों और पुलिस की सलाह पर वे अपनी लोकेशन साझा नहीं कर रहे हैं। मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस को भी दी गई है और पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्रवाई की जा रही है।
शुभम पढ़ाई में शुरू से ही मेधावी रहे हैं। वर्ष 2021 की बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में उन्होंने 472 अंक हासिल किए थे। इस उपलब्धि के लिए उन्हें जिले के टॉप छात्रों में स्थान मिला था और उनकी सफलता की खबर अखबारों में भी प्रमुखता से प्रकाशित हुई थी।
परिवार ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को शुभम कुमार के संबंध में कोई भी जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तुरंत स्थानीय पुलिस अथवा परिवार को सूचना दें।
संपर्क नंबर:
📞 9334124729
📞 9801660120










