मुजफ्फरपुर: जिले के सुस्ता पंचायत निवासी रामविलास शर्मा की सोमवार सुबह सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों के अनुसार, रामविलास शर्मा प्रतिदिन की तरह सुबह टहलने के लिए कच्ची-पक्की कोल्ड स्टोर के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-28 \(NH\-28\) पर गए थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से गाड़ी के साथ फरार हो गया।
टक्कर इतनी भीषण थी कि रामविलास शर्मा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिजनों ने तत्काल कच्ची-पक्की ओपी पुलिस को सूचना दी।
इसके बाद पुलिस की सूचना पर एक निजी एंबुलेंस से शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अज्ञात वाहन की पहचान कर चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।










