मुजफ्फरपुर: संत प्रेम भिक्षु इंटर कॉलेज के मैथिली विभाग के पूर्व विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ शिक्षक प्रो. अवधेश कुमार सिंह का बुधवार को हरिद्वार में हृदयाघात से आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की सूचना मिलते ही कॉलेज परिवार एवं शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई।
कॉलेज के शिक्षकों ने उनके निधन को शिक्षा जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। शिक्षकों ने कहा कि प्रो. अवधेश कुमार सिंह एक समर्पित, अनुशासित एवं विद्यार्थियों के बीच लोकप्रिय शिक्षक थे। अपने विषय पर मजबूत पकड़ और सरल एवं प्रभावी शिक्षण शैली के कारण वे विद्यार्थियों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय थे। सहकर्मियों के साथ भी उनका व्यवहार आत्मीय एवं सहयोगपूर्ण रहा।
समाजशास्त्र के प्रोफेसर सोनू सरकार ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि प्रो. अवधेश कुमार सिंह का आकस्मिक निधन अत्यंत पीड़ादायक है। उनके निधन से कॉलेज ने एक अनुभवी शिक्षक, अच्छे सहकर्मी और संवेदनशील व्यक्तित्व को खो दिया है। उनकी कमी लंबे समय तक महसूस होती रहेगी।
इस अवसर पर कॉलेज के प्राचार्य प्रो. विनोद कुमार सिंह सहित प्रो. गौरी शंकर सिंह, प्रो. रामकिशोर सिंह, प्रो. हरेंद्र सिंह, प्रो. सुषमा सिंह, प्रो. सुनैना, प्रो. सब्बीर आलम नुमानी, प्रो. उर्मिला पाठक, प्रो. मंजू सिन्हा, प्रो. सुधीर प्रसाद सिंह, प्रो. राजेश सिंह, प्रो. ओमप्रकाश झा, विवेक रंजन, विनोद सिंह, रोमा भारती, वर्षा गुप्ता, विकास राठौर सहित अन्य शिक्षकों एवं कर्मियों ने शोक संवेदना व्यक्त की।
शिक्षकों ने कहा कि प्रो. अवधेश कुमार सिंह का सरल स्वभाव, शिक्षण के प्रति समर्पण और विद्यार्थियों के प्रति आत्मीय व्यवहार सदैव स्मरणीय रहेगा। वे अपने पीछे दो पुत्र एवं एक पुत्री सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। कॉलेज परिवार ने शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।










