मुजफ्फरपुर: मनियारी थाना क्षेत्र में रविवार करीब 12 बजे दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने एक व्यवसायी से ₹1.35 लाख की लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना महुआ–मुजफ्फरपुर मार्ग पर मनियारी हाट से आगे बीच सड़क पर हुई।
जानकारी के अनुसार, मनियारी स्थित शंकर जनरल स्टोर के संचालक एवं बिस्कुट डिस्ट्रीब्यूटर भूषण कुमार विभिन्न दुकानों से कैश कलेक्ट कर मनियारी से काजीइंडा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने उनकी बाइक रोक ली और बंदूक की नोक पर उनसे लूटपाट की।
पीड़ित भूषण कुमार ने बताया कि उन्होंने मनियारी क्षेत्र से करीब ₹1 लाख 35 हजार की नकद राशि कलेक्ट की थी, जिसे लेकर वे काजीइंडा की ओर जा रहे थे। अपराधी एक अपाचे और एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार थे। दोनों बाइक पर दो-दो अपराधी थे, जिन्होंने वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही मनियारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों, विशेषकर गिट्टी-बालू की दुकान से लेकर काजीइंडा तक के कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
बताया गया है कि पीड़ित भूषण कुमार सुस्ता मेला के निवासी हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।










