मुजफ्फरपुर: जिले में नए राशन कार्ड बनाने तथा पुराने राशन कार्ड में आवश्यक संशोधन के लिए विशेष अभियान तेज कर दिया गया है। जिला पदाधिकारी (डीएम) कुमार गौरव के निर्देश पर अभियान के तहत सभी पात्र एवं वंचित परिवारों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से आवेदन प्रक्रिया को गति दी जा रही है।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राशन कार्ड से जुड़े सभी आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा के भीतर प्राप्ति, भौतिक सत्यापन, ऑनलाइन प्रविष्टि और स्वीकृति की प्रक्रिया पूरी की जाए। साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी पात्र व्यक्ति को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।

जिला प्रशासन ने ऐसे लोगों से अपील की है, जिनका अब तक राशन कार्ड नहीं बना है या जिनके राशन कार्ड में नाम, पता, परिवार के सदस्य अथवा अन्य किसी प्रकार के संशोधन की आवश्यकता है, वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द आवेदन करें और इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं।
प्रशासन का कहना है कि अभियान का उद्देश्य सभी पात्र परिवारों को समय पर राशन कार्ड उपलब्ध कराना और उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।










