मुजफ्फरपुर: बीआरए बिहार विश्वविद्यालय में रिजल्ट में गड़बड़ी, उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने तथा छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को लेकर स्नातकोत्तर सत्र 2024-26 एवं 2025-27 के छात्र-छात्राओं ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों ने विश्वविद्यालय परिसर स्थित धरना स्थल से जुलूस निकाला, जो प्रशासनिक भवन होते हुए कुलपति आवास तक पहुंचा।
इस दौरान छात्रों ने रिजल्ट में गड़बड़ी बंद करने, प्रथम सेमेस्टर का रिजल्ट क्लियर करने, मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराने और छात्रों के आर्थिक एवं मानसिक शोषण पर रोक लगाने की मांग को लेकर नारेबाजी की।
कुलपति आवास पहुंचकर छात्रों ने मांग-पत्र सौंपा। छात्रों के अनुसार, विश्वविद्यालय की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराने और उसके बाद रिजल्ट प्रकाशित करने का आश्वासन दिया गया। छात्रों ने मांग की कि पहले मूल्यांकन की गई उत्तर पुस्तिकाएं उपलब्ध कराई जाएं, ताकि रिजल्ट में हुई गड़बड़ियों की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।
छात्रों ने कहा कि यदि एक सप्ताह के अंदर रिजल्ट संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और छात्रों को अगले सेमेस्टर की परीक्षा से वंचित होने की स्थिति बनी रही, तो चरणबद्ध तरीके से व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
प्रदर्शन में AIDSO के जिला अध्यक्ष शिव कुमार के नेतृत्व में रंजन कुमार यादव, प्रकाश कुमार, राहुल कुमार समेत दर्जनों छात्र-छात्राएं शामिल हुए।
संवाद प्रेषक: राहुल कुमार, स्नातकोत्तर छात्र, बीआरए बिहार विश्वविद्यालय, मुजफ्फरपुर।










