मुजफ्फरपुर: 22 सितंबर: जमुई में दसवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा के साथ हुई कथित अमानवीय घटना और महिलाओं एवं छात्राओं के खिलाफ बढ़ते अपराध के विरोध में ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO), मुजफ्फरपुर इकाई की ओर से मंगलवार को जिला कार्यालय, मोतीझील परिसर में प्रतिवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस दौरान छात्र-युवाओं ने दोषियों को कठोर सजा देने, महिलाओं एवं छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, नशाखोरी और अश्लीलता पर रोक लगाने तथा शिक्षा एवं संस्कृति पर हमले बंद करने की मांग को लेकर नारे लगाए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए AIDSO के राज्य अध्यक्ष विजय कुमार ने कहा कि जमुई की नाबालिग छात्रा के साथ हुई घटना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। संगठन ने घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ त्वरित एवं कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सरकार को प्रभावी एवं ठोस कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों को कानून के तहत शीघ्र सजा दिलाई जाए। साथ ही छात्राओं और महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जाएं।
प्रतिवाद कार्यक्रम में AIDSO के जिला अध्यक्ष शिव कुमार, जिला कमेटी सदस्य अली अख्तर, रूपा कुमारी, करीना कुमारी, कंचन कुमारी, सिंधु कुमारी, अरविंद कुमार, लालबाबू राय, पिहू कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-युवा मौजूद रहे।
संवाद प्रेषक:
शिव कुमार
जिला अध्यक्ष, AIDSO, मुजफ्फरपुर










