मुजफ्फरपुर: आमगोला स्थित सत्याचरण शर्मा के आवास पर बढ़ई विश्वकर्मा संघ ट्रस्ट की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने की।
बैठक को संबोधित करते हुए ट्रस्ट के संरक्षक डॉ. हेम नारायण विश्वकर्मा ने कहा कि विश्वकर्मा समाज लंबे समय से राजनीतिक उपेक्षा का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि आरा मिल संचालकों द्वारा लंबे समय से आवेदन किए जाने के बावजूद अब तक कई आरा मिलों के लाइसेंस जारी नहीं किए गए हैं।
उन्होंने सरकार से मांग की कि लंबे समय से लंबित सभी आरा मिलों के आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई करते हुए अनुज्ञप्ति जारी की जाए। साथ ही आरा मिलों को प्रदूषण लाइसेंस से मुक्त करने, पुराने खरीद-बिक्री के मामलों में नए कानून के तहत नामांतरण करने तथा पुरानी अनुज्ञप्ति पर लागू 10 किलोमीटर की पाबंदी समाप्त करने के लिए कानून में संशोधन की मांग की।
डॉ. विश्वकर्मा ने कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन की ओर से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
बैठक में ट्रस्ट के सचिव महेश शर्मा, भोला ठाकुर, इं. राजेंद्र शर्मा, नरेंद्र ठाकुर, प्रभाकर शर्मा, वेद प्रकाश, पवन शर्मा, महेश कुमार शर्मा, श्रीनाथ शर्मा, रंजीत कुमार शर्मा, रत्नेश शर्मा, अजय कुमार शर्मा, अवधेश कुमार शर्मा, राकेश शर्मा, केदार शर्मा, बीरेंद्र शर्मा, राम नारायण शर्मा, संजय शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।










