बक्सर। बिहार के बक्सर जिले में शिक्षा व्यवस्था की बड़ी लापरवाही सामने आई है। लगातार हुई बारिश के बाद एक विद्यालय परिसर में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (BSEB) की नौवीं, दसवीं और बारहवीं की त्रैमासिक परीक्षा के प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के सीलबंद बंडल बारिश के पानी में पड़े मिले। घटना की तस्वीरें और वीडियो सामने आने के बाद परीक्षा सामग्री के रखरखाव और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि विद्यालय परिसर में बड़ी संख्या में प्रश्नपत्रों और उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल खुले परिसर में रखे थे। बारिश के कारण परिसर में पानी भर गया, जिससे कई बंडल पानी में तैरते दिखाई दिए। हैरानी की बात यह है कि इसी परिसर में जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) का कार्यालय भी स्थित है, इसके बावजूद परीक्षा सामग्री के सुरक्षित रखरखाव को लेकर लापरवाही सामने आई।
मौके पर मौजूद शिक्षकों का कहना था कि परीक्षा शुरू होने में केवल एक दिन का समय बचा था, लेकिन बंडलों को व्यवस्थित रखने की कोई व्यवस्था नहीं थी। शिक्षकों को अपने-अपने स्कूल कोड के आधार पर प्रश्नपत्रों के बंडल खुद तलाशने पड़े और उन्हें बाइक व टेंपो से ले जाना पड़ा। उनका कहना था कि बारिश के पानी में पड़े बंडलों को निकालने में भी काफी परेशानी हुई।
इस घटना के सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि यदि प्रश्नपत्रों के रखरखाव में इतनी बड़ी लापरवाही हुई है तो परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर भी चिंता स्वाभाविक है।
फिलहाल इस मामले पर संबंधित अधिकारियों की ओर से विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। घटना की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं और शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग उठ रही है।


