पुस्तकें ही युवाओं को देंगी सही दिशा : राकेश कुमार साहू
मुजफ्फरपुर। जिले के कलमबाग चौक स्थित आदर्श छात्रावास के प्रांगण में गुरुवार को दोपहर 1 बजे दीप प्रज्वलित कर पुस्तक मेले का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक, साहित्य प्रेमी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। मेले का उद्देश्य युवाओं में पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा समाज में ज्ञान और जागरूकता का प्रसार करना था।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथियों में आरपीएस ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के चेयरमैन राकेश कुमार साहू, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी उपेंद्र त्रिपाठी, वाणिज्य कॉलेज के संस्थापक एवं साहित्यकार केदारनाथ प्रसाद तथा विश्वकर्मा समाज के प्रदेश अध्यक्ष सह समाजसेवी डॉ. हेमनारायण विश्वकर्मा शामिल थे।
अपने संबोधन में राकेश कुमार साहू ने कहा कि आज के दौर में पुस्तकें युवाओं को सकारात्मक सोच, ज्ञान और संस्कार प्रदान कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि इंटरनेट और सोशल मीडिया के युग में भी पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है। जो युवा पुस्तकों से जुड़ते हैं, वे समाज और राष्ट्र के लिए बेहतर नागरिक बनते हैं।
उपेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि अनुशासन, राष्ट्रभक्ति और व्यक्तित्व निर्माण में पुस्तकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। वहीं साहित्यकार केदारनाथ प्रसाद ने कहा कि पुस्तकें समाज का दर्पण होती हैं और नई पीढ़ी को अपने इतिहास, संस्कृति एवं मूल्यों से जोड़ने का कार्य करती हैं।
डॉ. हेमनारायण विश्वकर्मा ने युवाओं से पुस्तक पढ़ने की आदत विकसित करने की अपील करते हुए कहा कि ज्ञान ही वह शक्ति है जो व्यक्ति को सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक रूप से सशक्त बनाती है।
मेले में दशकों पुरानी दुर्लभ पुस्तकों के साथ-साथ साहित्य, इतिहास, विज्ञान, धर्म, दर्शन, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं समसामयिक विषयों से जुड़ी पुस्तकों का प्रदर्शन किया गया। पुरानी और ऐतिहासिक पुस्तकों को देखकर आगंतुकों में विशेष उत्साह देखा गया। विद्यार्थियों ने विभिन्न पुस्तकों की जानकारी प्राप्त की और कई पुस्तकों की खरीदारी भी की।
वक्ताओं ने कहा कि ऐसे पुस्तक मेले युवाओं को नशा, भटकाव और नकारात्मक प्रवृत्तियों से दूर रखकर रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों की ओर प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।










