पुणे। महाराष्ट्र के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड पर सोशल मीडिया पर की गई एक कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद मध्य प्रदेश की डेंटिस्ट डॉ. मुस्कान सोनी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई है। ऑल इंडिया डेंटल स्टूडेंट्स एंड सर्जन्स एसोसिएशन (AIDSA) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से 5 साल के लिए निलंबित (सस्पेंड) कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल की मौत के बाद डॉ. मुस्कान सोनी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक स्टोरी साझा की थी। एसोसिएशन का आरोप है कि यह पोस्ट संवेदनहीन, अमानवीय और संगठन के नैतिक मूल्यों के विपरीत थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए AIDSA ने अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें पांच वर्षों के लिए निलंबित कर दिया।
एसोसिएशन ने अपने बयान में कहा कि किसी भी संवेदनशील आपराधिक घटना पर सार्वजनिक मंचों पर जिम्मेदार व्यवहार अपेक्षित है। संगठन ने स्पष्ट किया कि इस तरह की टिप्पणियां उसकी आचार संहिता के अनुरूप नहीं हैं।
इस घटना के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की मिली-जुली प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। फिलहाल, डॉ. मुस्कान सोनी की ओर से इस कार्रवाई पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










