दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और गैंगस्टर शहजाद भट्टी मॉड्यूल से जुड़े एक बड़े आतंकी नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को दिल्ली और अमृतसर से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, इन आरोपियों की योजना दिल्ली के किसी संवेदनशील इलाके या पुलिस थाने पर पेट्रोल बम से हमला कर दहशत फैलाने की थी। इस पूरी साजिश के बदले मुख्य आरोपियों को महज 20-20 हजार रुपये, यानी कुल 40 हजार रुपये का लालच दिया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के खतौली निवासी दानिश और सलमान भी शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि दोनों रविवार शाम चोरी की एक बाइक पर बैग में तीन पेट्रोल बम लेकर दिल्ली पहुंचे थे। योजना के मुताबिक दानिश को पेट्रोल बम फेंकना था, जबकि सलमान पूरी घटना का वीडियो बनाकर पाकिस्तान स्थित हैंडलर को भेजने वाला था। इस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर राजधानी में दहशत फैलाने की साजिश रची गई थी।
हालांकि, इससे पहले कि आरोपी अपने मंसूबों को अंजाम दे पाते, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर रविवार देर रात दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर कालिंदी कुंज क्षेत्र से तीन अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया।
जांच एजेंसियों के अनुसार, दानिश और सलमान कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के जरिए पाकिस्तान स्थित हैंडलर राणा हुनैन के संपर्क में आए थे। राणा हुनैन को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई का एजेंट और गैंगस्टर शहजाद भट्टी का करीबी सहयोगी बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों को लगातार फोन के जरिए निर्देश दिए जा रहे थे और काम पूरा होने पर 20-20 हजार रुपये देने का वादा किया गया था।
डीसीपी स्पेशल सेल प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पाकिस्तान से पंजाब, उत्तर प्रदेश और दिल्ली तक फैले एक नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस इस पूरे मॉड्यूल के अन्य सदस्यों और विदेशी कनेक्शन की जांच कर रही है। गिरफ्तार सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।










