पटना: गर्दनीबाग धरना स्थल के पास बुधवार सुबह एक सरकारी कर्मी के साथ मारपीट और सोने की चेन छीनने का मामला सामने आया है। मामले में पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव समेत उनके समर्थकों के खिलाफ गर्दनीबाग थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने कांड संख्या 849/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुराना सचिवालय में प्रतिनियुक्त कल्याण पदाधिकारी एवं न्यू जक्कनपुर निवासी अरविंद कुमार ने पुलिस को दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि सुबह करीब 10 बजे वह बाइक से कार्यालय जा रहे थे। इसी दौरान गर्दनीबाग धरना स्थल के पास एक काले रंग की स्कॉर्पियो ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
अरविंद कुमार के अनुसार, विरोध करने पर स्कॉर्पियो में सवार कई लोग उनके साथ मारपीट करने लगे। आवेदन में पुरुषोत्तम नामक व्यक्ति पर पिस्तौल के बट से सिर पर हमला करने तथा अन्य लोगों पर लोहे की रॉड से मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने गले से सोने की चेन छीनने का भी आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने घटना में सांसद पप्पू यादव की मौजूदगी और कथित भूमिका का भी आरोप लगाया है।
घटना के दौरान राजीव रंजन कुमार, प्रभाष चंद शर्मा समेत अन्य लोगों के मौके पर पहुंचकर बीच-बचाव करने की बात कही गई है।
वहीं, सांसद के समर्थकों की ओर से आरोपों को खारिज करते हुए मामले को अलग तरीके से बताया गया है और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है। पुलिस घटना के कारणों और सभी पक्षों की भूमिका की जांच कर रही है।
विश्वकर्मा समाज की प्रतिक्रिया: घटना को लेकर बढ़ई विश्वकर्मा समाज, बिहार के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. हेम नारायण विश्वकर्मा ने कहा कि यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की है।



