पटना: राष्ट्रीय वैश्य महासभा के तत्वावधान में पटना स्थित स्काडा बिजनेस सेंटर सभागार में बिहार के चर्चित एवं लोकप्रिय पूर्व मंत्री स्वर्गीय राजकुमार महासेठ की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि राजकुमार महासेठ एक विशाल व्यक्तित्व के धनी थे। वे अपने विरोधियों के प्रति भी सम्मान, स्नेह और सहयोग की भावना रखते थे। उन्होंने कहा कि उनका जनसेवा का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
राष्ट्रीय वैश्य महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री समीर महासेठ ने कहा कि स्व. राजकुमार महासेठ उनके पिता ही नहीं, बल्कि उनके गुरु भी थे। उन्होंने हमेशा जनहित और परोपकार को सर्वोच्च प्राथमिकता दी तथा समाज के अंतिम व्यक्ति को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कार्य करने की सीख दी।
पूर्व मंत्री एवं समाजवादी नेता रामचंद्र पूर्वे ने राजकुमार महासेठ के राजनीतिक एवं सामाजिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से शिक्षा प्राप्त करने के बाद उन्होंने वार्ड पार्षद से लेकर बिहार विधान परिषद और विधानसभा के सदस्य के रूप में जनता की सेवा की। मंत्री बनने के बाद भी वे जनसेवा के प्रति समर्पित रहे।
महासभा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पी.के. चौधरी ने कहा कि स्व. महासेठ संकल्प, समाज सेवा और समर्पण के प्रतीक थे। उन्होंने समाज में वर्गीय एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए।
वैश्य समाज चुनाव समिति के अध्यक्ष ई. सुंदर साहू ने आगामी चुनावों में वैश्य समाज की एकजुटता पर बल देते हुए “अबकी बार वैश्य परिवार” का नारा दिया। वहीं, प्रदेश युवा अध्यक्ष मंजीत आनंद साहू ने कहा कि आज के युवाओं को राजकुमार महासेठ के जीवन से प्रेरणा लेकर शिक्षा, समाज सेवा और व्यवसाय के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहिए।
कार्यक्रम में ओबरा विधायक डॉ. प्रकाश चंद्रा, डॉ. जगन्नाथ गुप्ता, बांकीपुर राजद प्रत्याशी रेखा गुप्ता, राष्ट्रीय महिला अध्यक्ष स्मिता पूर्वे, समन्वय समिति के चेयरमैन कमल नोपानी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष हाकिम प्रसाद, अरविंद कुमार निराला सहित बड़ी संख्या में वैश्य समाज के पदाधिकारी, बुद्धिजीवी एवं बिहार के विभिन्न जिलों से आए गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने स्व. राजकुमार महासेठ के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा उनके बताए आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

