मुजफ्फरपुर: जिले के पानापुर ओपी क्षेत्र अंतर्गत प्रसाद गांव स्थित एक निजी प्लाई फैक्ट्री में मंगलवार को काम के दौरान एक मजदूर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई, जबकि सूचना मिलते ही पानापुर ओपी पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई।
मृतक की पहचान पूर्णिया जिले के खेखरमनी गांव निवासी मोहम्मद फैयाज (पिता- मोहम्मद मुमताज) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब तीन महीने से उक्त प्लाई फैक्ट्री में मजदूरी कर रहे थे।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग फैक्ट्री के बाहर जुट गए। इस बीच फैक्ट्री मालिक के घटना के बाद से फरार होने की चर्चा भी सामने आ रही है, जिससे मामले को लेकर कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पानापुर ओपी पुलिस ने दल-बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी हर पहलू से जांच की जा रही है।
फिलहाल मौत के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










