मुजफ्फरपुर: बच्चे के जन्म के बाद परिवार में खुशियां अभी पूरी तरह थमी भी नहीं थीं कि कुछ ही घंटे बाद प्रसूता महिला की मौत से कोहराम मच गया। प्रसव के बाद महिला की तबीयत बिगड़ने और बाद में मौत को लेकर परिजनों ने इलाज में कथित लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मौत के बाद जब वे लिखित शिकायत लेकर मिठनपुरा थाने पहुंचे तो शिकायत नहीं ली गई, जिसके बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
परिजनों के मुताबिक, मृतका सोनी कुमारी (26 वर्ष) के पति राहुल कुमार (27 वर्ष), पिता गरीबनाथ महतो, ग्राम शेरपुर, वार्ड नंबर-02, कच्ची पक्की ओपी (सदर), जिला मुजफ्फरपुर ने उन्हें 14 सितंबर की रात करीब 11 बजे पी.एन.टी. चौक स्थित माँ सुभद्रा स्मृति नर्सिंग होम में भर्ती कराया था। 15 सितंबर की सुबह करीब 6:15 बजे प्रसव हुआ। करीब 10 बजे महिला की तबीयत बिगड़ी और लगभग 11:30 बजे उसकी मौत हो गई।
मौत के बाद परिजनों ने प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की, लेकिन शिकायत नहीं लिए जाने का आरोप लगाया। इसके बाद 16 सितंबर की शाम करीब 4 बजे ग्रामीणों ने शेरपुर चौक के पास NH-28 जाम कर दिया।
सूचना पर पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से बातचीत की। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद जाम समाप्त कराया गया और आवागमन बहाल हुआ।
फिलहाल मौत की वास्तविक वजह और इलाज में लापरवाही के आरोप की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।










