मुजफ्फरपुर: आजादी के बाद भारतीय मीडिया का समाजशास्त्र समय के साथ बदलता गया है। यही वजह है कि आज मीडिया की निष्पक्षता और निर्भीकता पर सवाल उठने लगे हैं। मीडिया को आजादी के दौर की पत्रकारिता से सीख लेने और अपने मूल उद्देश्यों के प्रति प्रतिबद्ध रहने की जरूरत है। ये बातें इतिहासकार एवं लेखक डॉ. राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहीं।
वे रविवार को मुजफ्फरपुर के आमगोला स्थित शहनाई बैंक्वेट हॉल में एएस फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित विमर्श कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। ‘अप्पन समाचार’ पुस्तक के संदर्भ में आयोजित इस विमर्श का विषय ‘भारतीय मीडिया : सच के कितने पास, तथ्य से कितने परे’ था।
कार्यक्रम में लेखक एवं चिंतक डॉ. हरिनारायण ठाकुर ने कहा कि मीडिया को अपनी निष्पक्ष भूमिका कभी नहीं भूलनी चाहिए। दुर्भाग्यवश, आज पारंपरिक पत्रकारिता अपने मूल उद्देश्य से विमुख होती दिखाई दे रही है। उन्होंने ‘अप्पन समाचार’ के कार्यों की सराहना करते हुए जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता देने की आवश्यकता पर बल दिया।
लेखक एवं संस्कृतिकर्मी अरुण नारायण ने बिहार की पत्रकारिता के इतिहास के परिप्रेक्ष्य में पारंपरिक और वैकल्पिक मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप और समाज पर उसके प्रभाव को रेखांकित किया।
पारंपरिक और वैकल्पिक मीडिया की भूमिका पर चर्चा

कार्यक्रम के दूसरे सत्र में पारंपरिक एवं वैकल्पिक मीडिया की भूमिका पर पैनल चर्चा आयोजित की गई। इसमें पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं, मीडिया की विश्वसनीयता, निष्पक्षता और जनसरोकारों से जुड़े विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ।
पैनल में डॉ. ज्ञान प्रकाश, डॉ. राजीव कुमार, भूपाल भारती, अशोक भारती, राजा ठाकुर, अमृतांज इंदीवर और संतोष सारंग शामिल हुए। चर्चा के दौरान श्रोताओं ने पत्रकारिता की गिरती साख और मीडिया की जवाबदेही को लेकर सवाल उठाए। वक्ताओं ने बदलते समय में पत्रकारिता के सामने मौजूद चुनौतियों पर अपने विचार रखे।
कठपुतली शो के माध्यम से दिखाई मीडिया की बदलती प्रवृत्ति
कार्यक्रम में कठपुतली कलाकार सुनील सरला ने कठपुतली शो के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था में मीडिया की बदलती प्रवृत्तियों को प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति के जरिए मीडिया की भूमिका और उसके सामाजिक प्रभाव को रचनात्मक अंदाज में दर्शाया गया।
कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. सुशांत कुमार एवं संतोष सारंग ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. हेमनारायण विश्वकर्मा ने किया।
इस अवसर पर डॉ. रामेश्वर राय, डॉ. ललन भगत, डॉ. विष्णुदेव यादव, डॉ. अविनाश कुमार, सोनू सरकार, मदन प्रसाद, बैजू कुमार, फुलदेव पटेल, नीरज कुमार, अमरेन्द्र कुमार, यशोदा कुमारी पासवान, डॉ. रिंकु कुमारी, अनीता कुमारी, सिमरन सहनी, मुन्ना कुमार, लालबाबू पटेल, सिंधु शर्मा, राकेश रंजन, दिनेश शर्मा, महेश कुमार शर्मा, बीपी अखिलेश, रंजीत कुमार शर्मा, वीरेंद्र शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










