मुजफ्फरपुर: भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता, पूर्व राज्यसभा सांसद तथा एसआईएस लिमिटेड के संस्थापक एवं चेयरमैन रविंद्र किशोर सिन्हा (आरके सिन्हा) के निधन से राजनीतिक, सामाजिक एवं औद्योगिक जगत में शोक की लहर है। उनके निधन की खबर से एसआईएस परिवार से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों में गहरा दुख व्याप्त है। लोगों ने उनके निधन को उद्योग जगत और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर मुजफ्फरपुर स्थित एसआईएस सिक्योरिटी कार्यालय में शोकसभा का आयोजन किया गया। इसमें कंपनी के अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने आरके सिन्हा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने उनके व्यक्तित्व, संघर्ष, कार्यशैली और समाज के प्रति उनके योगदान को याद किया। शोकसभा के दौरान दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।
हजारों परिवारों के लिए उम्मीद की किरण थे आरके सिन्हा
शोकसभा में एसआईएस के शाखा प्रमुख एवं अधिवक्ता रविंद्र तिवारी ने कहा कि आरके सिन्हा केवल एक सफल उद्योगपति और राजनेता ही नहीं थे, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन में आशा और आत्मनिर्भरता का संचार करने वाले प्रेरणादायी व्यक्तित्व थे। उन्होंने अपनी दूरदर्शिता, अथक परिश्रम और कुशल नेतृत्व के बल पर एसआईएस जैसी संस्था को व्यापक पहचान दिलाई।
उन्होंने कहा कि आरके सिन्हा के प्रयासों से बड़ी संख्या में युवाओं को रोजगार के अवसर मिले। उनके नेतृत्व में विकसित हुई संस्था ने अनेक परिवारों को आजीविका का सहारा दिया और लोगों को सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर प्रदान किया। उनका जीवन संघर्ष, संकल्प और कर्मठता का उदाहरण है।
रविंद्र तिवारी ने कहा कि आरके सिन्हा का व्यक्तित्व सरलता, मानवीय संवेदना और समाज के प्रति समर्पण से परिपूर्ण था। उन्होंने युवाओं को मेहनत, अनुशासन और आत्मनिर्भरता के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उनका योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बना रहेगा। उनके निधन से जो रिक्तता उत्पन्न हुई है, उसे भर पाना आसान नहीं होगा।
कर्मचारियों ने जताई गहरी संवेदना
शोकसभा में उपस्थित कर्मचारियों ने भी आरके सिन्हा के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनका जीवन और कार्यशैली समाज के लिए प्रेरणा का स्रोत है। रोजगार सृजन, संस्थान के विकास और हजारों परिवारों के जीवन को बेहतर बनाने में उनका योगदान सदैव याद किया जाएगा।
इस अवसर पर विशाल श्रीवास्तव, चंदन कुमार, कमल सिंह, सुजीत श्रीवास्तव, सोहन सिंह, राजू कुमार, अजित कुमार, कृष्णानंद कुमार, तुफैल अहमद सहित दर्जनों लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की। साथ ही ईश्वर से शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
फोटो कैप्शन: पूर्व राज्यसभा सांसद एवं एसआईएस लिमिटेड के संस्थापक आरके सिन्हा का फाइल फोटो।










