मुजफ्फरपुर: जिले में बिजली के तार एवं ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक संगठित चोरी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के छह आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ एवं आरोपितों की निशानदेही के आधार पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज चोरी के 20 कांडों का उद्भेदन किया गया है।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण तथा पूर्वी-1 एवं पश्चिमी-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारियों के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था। 11 सितंबर 2026 को तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर टीम ने चांदनी चौक स्थित एक कबाड़ दुकान में छापेमारी की। यहां चोरी के विद्युत सामान के साथ छह आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों में मोहम्मद छोटू, मोहम्मद अफरोज, प्रमोद साह और अजय कुमार (सभी कांटी), बागेंद्र पासवान (मोतीपुर) तथा आदित्य कुमार (बोचहां) शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपितों ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में बिजली तार एवं ट्रांसफार्मर चोरी से जुड़े 20 मामलों में संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें पानापुर ओपी (मीनापुर) के कांड संख्या 196/26, 320/26, 344/26 एवं 397/26, पानापुर करियात थाना के चार कांड, कथैया थाना के तीन कांड तथा कांटी थाना क्षेत्र के कई मामले शामिल हैं।
पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य व्यक्तियों, चोरी की घटनाओं और बरामदगी के संबंध में आगे पूछताछ एवं कार्रवाई कर रही है। पुलिस का कहना है कि विद्युत अवसंरचना और आम लोगों की सुरक्षा को प्रभावित करने वाली आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।










