नई दिल्ली: प्रसिद्ध क्लासिकल और सूफी गायक मोहम्मद आसिफ उर्फ ‘बिस्मिल’ से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगे जाने का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिकायत के अनुसार, गायक के मैनेजर को पहले अप्रैल महीने में पुर्तगाल के नंबर से कई धमकी भरे संदेश भेजे गए, जिनमें 5 करोड़ रुपये की मांग की गई। आरोप है कि यह धमकी हरियाणा के कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल की ओर से दी गई।
बताया गया है कि इसके बाद मई महीने से लगातार धमकी भरे संदेश और फोन कॉल आने लगे। शिकायत में यह भी कहा गया है कि पैसे नहीं देने पर गायक को जान से मारने की धमकी दी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस द्वारा गायक को सुरक्षा भी उपलब्ध कराई गई है।
फिलहाल पुलिस धमकी भरे कॉल और संदेशों की जांच कर रही है तथा मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










