मुजफ्फरपुर: जिले में लगातार हो रही हत्या और गोलीबारी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बीते कुछ दिनों के दौरान शहर और आसपास के इलाकों में कई गोलीकांड सामने आ चुके हैं। इन घटनाओं के बाद लोगों में भय का माहौल है और वे खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधी बेखौफ होकर दिनदहाड़े वारदातों को अंजाम दे रहे हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन अपराध नियंत्रण के साथ-साथ शराबबंदी कानून के पालन पर भी लगातार कार्रवाई कर रहे हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लगातार हो रही हत्याओं और गोलीबारी की घटनाओं पर प्रभावी रोक कब लगेगी।
इसी कड़ी में शनिवार को मुजफ्फरपुर के सिवाईपट्टी थाना क्षेत्र से एक और सनसनीखेज वारदात सामने आई। यहां मंदिर में पूजा-अर्चना कर बाहर निकल रहे प्रॉपर्टी डीलर श्याम कुशवाहा की अज्ञात अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, श्याम कुशवाहा जैसे ही मंदिर परिसर से बाहर निकले, पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही सिवाईपट्टी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटनास्थल से पुलिस ने तीन खोखे बरामद किए हैं। प्रारंभिक जांच में जमीन से जुड़े विवाद समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं ने जिले में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। आम लोगों का कहना है कि यदि दिनदहाड़े मंदिर के बाहर भी लोग सुरक्षित नहीं हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है। अब सभी की नजर पुलिस की जांच और अपराधियों की गिरफ्तारी पर टिकी हुई है।










