मुजफ्फरपुर: जिले के मड़वन प्रखंड अंतर्गत झखड़ा शेख पंचायत के मुखिया दिनेश यादव ने पंचायत में विकास कार्यों और जनसमस्याओं को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में कई विकास कार्य किए गए, लेकिन कुछ योजनाओं की वर्तमान स्थिति चिंता का विषय बनी हुई है।
मुखिया दिनेश यादव ने कहा कि जब से मुख्यमंत्री नल-जल योजना का संचालन पीएचईडी (लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग) को सौंपा गया है, तब से पंचायत के कई घरों में न तो नल से पानी मिल रहा है और न ही खराब पड़ी योजनाओं का समय पर रखरखाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीणों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाइट योजना का भी जिक्र करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में पंचायत में करीब 80 सोलर लाइटें लगाई गई थीं, लेकिन इनमें से अधिकांश छह महीने के भीतर ही खराब हो गईं। वर्तमान में पंचायत में सिर्फ लगभग 15 सोलर लाइटें ही चालू अवस्था में हैं, जबकि बाकी बंद पड़ी हैं। उन्होंने संबंधित विभाग से खराब सोलर लाइटों की मरम्मत कराने की मांग की।
स्वास्थ्य व्यवस्था पर चिंता व्यक्त करते हुए मुखिया ने कहा कि पंचायत में स्वास्थ्य केंद्र का अभाव सबसे बड़ी समस्या है। किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीणों को इलाज के लिए मड़वन या करजा जाना पड़ता है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को काफी परेशानी होती है। उन्होंने पंचायत में बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की।
शिक्षा व्यवस्था पर भी अपनी राय रखते हुए दिनेश यादव ने कहा कि सरकारी विद्यालयों की भवन व्यवस्था मजबूत और बेहतर होनी चाहिए, ताकि बच्चों को सुरक्षित और बेहतर वातावरण में शिक्षा मिल सके।
मुखिया ने कहा कि पंचायत के समग्र विकास और ग्रामीणों की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं तथा संबंधित विभागों से आवश्यक कदम उठाने की मांग करते रहेंगे।










