मुजफ्फरपुर: जिले में स्वर्ण व्यवसायियों के साथ लगातार हो रही लूट और हत्या की घटनाओं के विरोध में मंगलवार को भारतीय सर्राफा संघ, मुजफ्फरपुर के बैनर तले एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। शहर के सर्राफा कारोबारियों ने एकजुट होकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
धरने में शामिल व्यापारियों ने कहा कि हाल के दिनों में जिले में स्वर्ण कारोबारियों को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। ताजा मामला कच्ची-पक्की थाना क्षेत्र के माधोपुर चौक स्थित आभूषण व्यवसायी दीपक कुमार गुप्ता की हत्या का है। अपराधियों ने उन्हें गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया और गहनों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बढ़ती आपराधिक घटनाओं के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हुई और व्यापारियों की सुरक्षा सुनिश्चित नहीं की गई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन के दौरान सर्राफा संघ के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की कि स्वर्ण व्यवसायियों की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की जाए, लंबित मामलों का शीघ्र खुलासा किया जाए तथा अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
संघ के प्रतिनिधियों ने कहा कि जिले में व्यापारियों के बीच भय का माहौल है और लगातार हो रही घटनाओं से कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो सर्राफा बाजार बंद कर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।









