मुजफ्फरपुर: जिले के कांटी प्रखंड अंतर्गत कांटी कोठिया स्थित एनटीपीसी डैम में शुक्रवार को नहाने के दौरान डूबने से तीन किशोरों की मौत के बाद शनिवार को स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ई. अजीत कुमार ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सरकार की ओर से स्वीकृत 4-4 लाख रुपये की अनुग्रह अनुदान राशि का चेक मृतक बच्चों के परिजनों को सौंपा।
मृतक बच्चों की पहचान दीनानाथ, आर्यव गुप्ता और आयुष कुमार के रूप में हुई है। विधायक ने कांटी नगर परिषद के वार्ड संख्या-16 स्थित पुराना चौक और अकुराहा गांव पहुंचकर शोकाकुल परिवारों को ढांढस बंधाया। परिजनों के विलाप और गमगीन माहौल को देखकर विधायक भी भावुक नजर आए।
इस मौके पर विधायक अजीत कुमार ने कहा कि यह बेहद हृदयविदारक और दुखद घटना है। एक साथ तीन मासूम बच्चों की मौत से पूरा क्षेत्र शोक में डूब गया है। उन्होंने कहा कि इस दुख की घड़ी में वे पीड़ित परिवारों के साथ खड़े हैं और हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास करेंगे।
मृतक बच्चों के परिजनों ने विधायक से मांग की कि कांटी कोठिया स्थित एनटीपीसी डैम पर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। इस पर विधायक ने आश्वासन दिया कि वे जल्द ही एनटीपीसी प्रबंधन के अधिकारियों से बातचीत करेंगे तथा डैम स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने का प्रयास करेंगे।
विधायक ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने जिलाधिकारी कुमार गौरव और कांटी अंचलाधिकारी (सीओ) मुकेश कुमार को अवगत कराया था। साथ ही उन्होंने जिलाधिकारी से तीनों बच्चों का तत्काल पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया, जिसके बाद आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई गई।
इस अवसर पर कांटी बीडीओ किशन चांद्रयान, सीओ मुकेश कुमार, प्रखंड कल्याण पदाधिकारी स्वराज चौहान, नगर परिषद सभापति दिलीप कुमार, उपसभापति अजय कुमार गुप्ता, जदयू नगर परिषद अध्यक्ष सह पार्षद चंदन पांडे, पार्षद प्रतिनिधि दीपक सिंह, रामनाथ गुप्ता, प्रतीक उर्फ सोमू गुप्ता, प्रो. अशोक गुप्ता, राजकुमार साह उर्फ भोला, राजस्व कर्मचारी गौतम कुमार सहित कई जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।










