मुजफ्फरपुर: जिले के पानापुर करियात थाना की थानाध्यक्ष पुलिस अवर निरीक्षक (एसआई) सुचित्रा कुमारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। यह कार्रवाई एक मामले की केस डायरी में कथित अनियमितता सामने आने के बाद की गई।
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय, मुजफ्फरपुर द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पानापुर करियात थाना से संबंधित एक मामले में वादी द्वारा पुलिस मुख्यालय को आवेदन दिया गया था। आवेदन के आधार पर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), बिहार ने मामले को गंभीर मानते हुए थानाध्यक्ष के आचरण को संदिग्ध माना और उन्हें निलंबित कर विभागीय कार्रवाई प्रारंभ करने का निर्देश दिया।
मामले की जांच अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (पश्चिमी-01), मुजफ्फरपुर द्वारा की गई। जांच प्रतिवेदन में यह तथ्य सामने आया कि पानापुर करियात की थानाध्यक्ष ने एक कांड की केस डायरी में बी.एन.एस. (भारतीय न्याय संहिता) की अंकित एक धारा को काटकर पुनः लघु हस्ताक्षर किए थे। प्रथम दृष्टया इस कृत्य को संदिग्ध आचरण का परिचायक माना गया।
जांच प्रतिवेदन और पुलिस महानिदेशक के निर्देशों के आलोक में पुलिस अवर निरीक्षक सुचित्रा कुमारी, थानाध्यक्ष पानापुर करियात को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई शुरू करते हुए स्पष्टीकरण भी मांगा गया है।
पुलिस विभाग का कहना है कि मामले की विभागीय जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद प्राप्त तथ्यों के आधार पर आगे की नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।










