मुजफ्फरपुर: जिले के मड़वन प्रखंड अंतर्गत मोहम्मदपुर शुबे पंचायत के कोदरिया गांव से सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां सांप के डंसने से एक मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और पीड़ित परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मृतक की मां अनुराधा देवी ने बताया कि वह रोज़ की तरह एक फैक्ट्री में मजदूरी करने गई थीं। उनका बड़ा बेटा शिवम (लगभग 12–13 वर्ष) गांव के बगीचे में खेल रहा था। आशंका है कि इसी दौरान उसे किसी विषैले सांप ने डंस लिया। शिवम बिना किसी को कुछ बताए घर आकर सो गया। जब अनुराधा देवी शाम को काम से लौटीं और बेटे को जगाने पहुंचीं, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। यह देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई।
ग्रामीणों ने बताया कि अनुराधा देवी के पति स्वर्गीय भीम शाह का निधन कोरोना काल में ही हो गया था। पति की मौत के बाद अनुराधा देवी अकेले मजदूरी कर अपने दो बेटों का पालन-पोषण कर रही थीं। अब बड़े बेटे शिवम की असमय मौत के बाद उनके ऊपर छोटे बेटे की परवरिश की पूरी जिम्मेदारी आ गई है।
ग्रामीणों ने सरकार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि अनुराधा देवी को आगे का जीवन यापन करने में कुछ राहत मिल सके।
घटना की जानकारी मिलने के बाद मड़वन प्रखंड के अंचलाधिकारी पुष्कल कुमार पीड़ित परिवार से बातचीत की और शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुखद घटना है और सरकार की ओर से जो भी संभव सहायता होगी, उसे उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।
परिजनों के अनुसार, बेटे की अचानक मौत से परिवार इतना सदमे में था कि वे उसका पोस्टमार्टम भी नहीं करा सके।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासनिक प्रक्रिया के तहत पीड़ित परिवार को सरकारी अनुदान या मुआवजा मिल पाएगा, और क्या स्थानीय जनप्रतिनिधि इस बेसहारा परिवार की सहायता के लिए आगे आएंगे। फिलहाल पूरा गांव इस दुखद घटना से मर्माहत है।










