मुजफ्फरपुर: जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र स्थित रोहुआ हाट के समीप शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नाला निर्माण कार्य के दौरान जेसीबी मशीन की खुदाई में भूमिगत पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटते ही तेज गति से गैस का रिसाव शुरू हो गया, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई।

घटना के समय समीपवर्ती स्कूलों में कक्षाएं चल रही थीं। गैस की गंध फैलने से कई छात्राओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिर पड़ीं। सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन ने तत्काल छात्र-छात्राओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। प्रभावित छात्राओं को उपचार के लिए मुशहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तथा अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।
घटना की सूचना पर मुशहरी थाना पुलिस, जिला प्रशासन, अग्निशमन विभाग तथा गैस कंपनी की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची। टीम ने तत्काल गैस आपूर्ति बंद कर रिसाव पर काबू पाया। एहतियात के तौर पर आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया और कुछ समय के लिए आवागमन भी रोक दिया गया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नाला निर्माण के दौरान जेसीबी की खुदाई में भूमिगत गैस पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से यह हादसा हुआ। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और निर्माण कार्य में बरती गई लापरवाही की भी जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की है।










