जमुई: बिहार के जमुई जिले के लक्ष्मीपुर प्रखंड अंतर्गत बेला गांव में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव गांव के बाहर नीम के पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने पर लक्ष्मीपुर थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। मृतक की पहचान झारखंड के देवघर निवासी एक युवक के रूप में हुई है। पुलिस मृतक की पहचान और उसके गांव में आने के कारणों की भी जानकारी जुटा रही है।
पुलिस के अनुसार, मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में प्रेम प्रसंग सहित अन्य संभावित कारणों को भी ध्यान में रखकर साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। हालांकि, अभी तक किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है और पुलिस सभी संभावित बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है।










