मुजफ्फरपुर: जिले के मड़वन प्रखंड अंतर्गत जियन खुर्द पंचायत के मुखिया विकास कुमार ने अपने कार्यकाल में पंचायत में कराए गए विकास कार्यों की जानकारी साझा करते हुए विभिन्न जनहित के मुद्दों पर अपनी बात रखी।
मुखिया विकास कुमार ने कहा कि उनके कार्यकाल में पंचायत में सड़क, नाली, स्वास्थ्य और शिक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में लगातार कार्य किए गए हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत के विकास को प्राथमिकता देते हुए कई योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने बताया कि पंचायत के कई गरीब एवं पात्र लोगों का नाम राशन कार्ड की सूची से कट गया है। ऐसे लोगों का नाम दोबारा जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने जरूरतमंद ग्रामीणों से अपील की कि वे आवश्यक दस्तावेजों के साथ प्रखंड कार्यालय पहुंचकर अपना आवेदन जमा करें, ताकि उनका कार्य समय पर पूरा हो सके।
इस दौरान मुखिया विकास कुमार ने शिक्षा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। हाल के दिनों में छात्रों के साथ हो रही पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाएं छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं। उन्होंने सरकार से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने और दोषियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।
मुखिया ने कहा कि पंचायत के समग्र विकास और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए उनका प्रयास आगे भी लगातार जारी रहेगा।










