मुजफ्फरपुर: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुढ़नी में स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल प्रबंधन की स्थिति को लेकर जिलाधिकारी कुमार गौरव ने मंगलवार को औचक निरीक्षण किया। करीब एक घंटे तक चले निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों और कक्षों का जायजा लिया तथा मरीजों और उनके परिजनों से स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को लेकर सीधे फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं में कई कमियां मिलने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी और प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक से स्पष्टीकरण मांगते हुए व्यवस्था में तत्काल सुधार के निर्देश दिए। दोनों अधिकारियों को चिह्नित कमियों को दूर करने के लिए अंतिम रूप से सात दिनों का समय दिया गया है। डीएम ने स्पष्ट किया कि एक सप्ताह बाद वे दोबारा सीएचसी का निरीक्षण करेंगे। यदि इस दौरान व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं मिला तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय कर अनुशासनात्मक एवं विभागीय कार्रवाई शुरू की जाएगी।
दवा, ओपीडी, इमरजेंसी और ओटी का लिया जायजा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मरीजों के पंजीकरण, चिकित्सकों की ड्यूटी रोस्टर और उनकी उपस्थिति, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं वितरण, टीकाकरण, ओपीडी और आईपीडी संचालन, इमरजेंसी सेवा, संस्थागत प्रसव, प्रसूताओं एवं नवजात शिशुओं की देखभाल सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति देखी।
उन्होंने एक्स-रे कक्ष, यक्ष्मा उपचार, एईएस से संबंधित व्यवस्था, ऑपरेशन थिएटर, भव्या डिजिटल काउंटर, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लिनिक, ट्राईएज रूम और परिवार नियोजन कार्यक्रम की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी ने सिविल सर्जन, प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, चिकित्सकों एवं अन्य अधिकारियों के साथ स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई समेत सभी चिह्नित कमियों को शीघ्र दूर करने का निर्देश दिया।
लगातार मिल रही थी अस्पताल की कुव्यवस्था की शिकायत
जिलाधिकारी ने कहा कि अस्पताल की कुव्यवस्था को लेकर आम लोगों की ओर से लगातार शिकायतें मिल रही थीं। उन्होंने बताया कि हाल में मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता द्वारा भी अस्पताल की व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर शिकायत की गई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। इसी क्रम में उन्होंने स्वयं सीएचसी पहुंचकर जमीनी स्थिति का जायजा लिया।
डीएम ने सिविल सर्जन को अस्पताल में किए जा रहे सुधारात्मक कार्यों की नियमित निगरानी करने का निर्देश दिया।
एनेस्थेटिस्ट के लौटते ही शुरू होगी सी-सेक्शन सुविधा
जिलाधिकारी ने बताया कि सीएचसी कुढ़नी में स्त्री रोग विशेषज्ञ और एनेस्थेटिस्ट पदस्थापित हैं। वर्तमान में एनेस्थेटिस्ट छुट्टी पर हैं। उनके लौटने और आवश्यक तैयारियां पूरी होने के बाद अगले सात से दस दिनों में सी-सेक्शन यानी सिजेरियन प्रसव एवं ऑपरेशन की सुविधा शुरू करने की योजना है।
उन्होंने कहा कि इससे कुढ़नी क्षेत्र की प्रसूताओं और मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधा मिल सकेगी और उन्हें इसके लिए अन्य अस्पतालों पर निर्भरता कम होगी।
जल्द शुरू होगी ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट
जिलाधिकारी ने बताया कि सीएचसी परिसर में ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है। बीएमएसआईसीएल की टीम के साथ समन्वय कर इसे जल्द क्रियाशील कराया जाएगा। इसके शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं की अतिरिक्त सुविधा मिलने की उम्मीद है।
मरीजों को समय पर इलाज और निःशुल्क दवा सुनिश्चित करने का निर्देश
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अस्पताल पहुंचने वाले प्रत्येक जरूरतमंद मरीज को निर्धारित प्रावधानों के अनुसार समुचित स्वास्थ्य सुविधा मिले। चिकित्सक ड्यूटी रोस्टर के अनुसार अस्पताल में मौजूद रहें और मरीजों का समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने निःशुल्क दवा और जांच की उपलब्धता तथा सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचाने पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य संस्थानों में उपलब्ध सुविधाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार से आम लोगों का सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ेगा। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेकर जिम्मेदारी के साथ काम करने का निर्देश दिया गया। जिला प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य संस्थानों का नियमित निरीक्षण जारी रखने की भी बात कही गई।










