मुजफ्फरपुर: मड़वन प्रखंड के रक्सा बाजार के समीप रविवार तड़के तिरहुत बैतरणी नहर का करीब 40 फीट तटबंध टूट गया। तटबंध टूटते ही नहर का पानी तेजी से आसपास के खेतों और चंवर क्षेत्र में फैलने लगा। इससे बड़ी मात्रा में कृषि भूमि जलमग्न होने की सूचना है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, सुबह अचानक नहर का पानी तटबंध से बाहर निकलकर आसपास के इलाकों में फैलने लगा। देखते ही देखते खेतों में पानी भर गया, जिससे धान समेत अन्य फसलों को नुकसान की आशंका बढ़ गई है।
घटना के बाद इलाके में अफरातफरी की स्थिति बन गई। स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन और जल संसाधन विभाग से तत्काल मौके पर पहुंचकर पानी के बहाव को नियंत्रित करने तथा तटबंध की मरम्मत कराने की मांग की है।
वहीं, तटबंध प्राकृतिक रूप से टूटा या किसी अन्य कारण से क्षतिग्रस्त हुआ, इसे लेकर भी जांच की जा रही है। ग्रामीणों की ओर से तटबंध काटे जाने की आशंका जताई गई है, जबकि इस संबंध में वास्तविक स्थिति जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।
किसानों की बढ़ी चिंता: खेतों में पानी फैलने से किसानों की चिंता बढ़ गई है। प्रभावित किसानों ने फसल क्षति का आकलन कर उचित मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए तटबंध को मजबूत कराने की मांग की है।










