मुजफ्फरपुर: ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (AIDSO) की मुजफ्फरपुर जिला कमिटी की बैठक शनिवार को मोतीझील स्थित जिला कार्यालय में हुई। बैठक में बिहार विश्वविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक समस्याओं, कथित भ्रष्टाचार, रिजल्ट में गड़बड़ी, फीस वृद्धि तथा शिक्षकों एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की कमी सहित छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 16 अक्टूबर 2026 को बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) के समक्ष विशाल छात्र प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन से 30 सितंबर से भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों की मांगों पर तत्काल वार्ता कर समाधान की दिशा में ठोस पहल करने की मांग की।
AIDSO के अनुसार प्रदर्शन में शैक्षणिक अराजकता और कथित भ्रष्टाचार पर रोक लगाने, फीस वृद्धि वापस लेने, रिजल्ट की गड़बड़ियों का समाधान करने, पर्याप्त संख्या में शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों की नियुक्ति करने तथा बिहार सरकार द्वारा घोषित छात्राओं एवं एससी/एसटी छात्रों के लिए नि:शुल्क शिक्षा योजना को प्रभावी रूप से लागू करने की मांग प्रमुख रहेगी।
इसके अलावा बंद एवं जर्जर छात्रावासों को सुचारू रूप से संचालित करने, नए छात्रावासों का निर्माण कराने, सभी प्रमाण-पत्र निर्धारित समय-सीमा में जारी करने तथा छात्र संघ चुनाव लोकतांत्रिक तरीके से कराने की मांग भी प्रदर्शन के दौरान उठाई जाएगी।
AIDSO मुजफ्फरपुर जिला अध्यक्ष शिव कुमार ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत चार वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम लागू होने के बाद छात्रों पर बढ़ते आर्थिक बोझ और शिक्षण-अध्ययन के माहौल को लेकर संगठन लगातार आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए उन्हें संगठित कर चरणबद्ध और लोकतांत्रिक आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन को छात्रों की समस्याओं को टालने के बजाय उनके समाधान के लिए समयबद्ध और ठोस पहल करनी चाहिए। छात्रों के शैक्षणिक अधिकारों एवं बेहतर शिक्षण वातावरण के लिए AIDSO अपना आंदोलन और व्यापक करेगा।
बैठक में कार्यकारिणी सदस्य रूपा कुमारी, दीपमाला कुमारी, अरफा जिया, अभिषेक कुमार, अली अख्तर, अंकित कुमार, रामविलास कुमार, नितेश कुमार, प्रकाश कुमार, राहुल कुमार और अनिल कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
संवाद प्रेषक :
अभिषेक कुमार
AIDSO, मुजफ्फरपुर










