मुजफ्फरपुर: जिले के पानापुर करियात थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। शराब को एक कंटेनर में 101 वाटर कूलर के बीच छिपाकर ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने हरिदासपुर मिडिल स्कूल के पास वाहन की घेराबंदी कर तलाशी ली, जहां से 2,056.32 लीटर विदेशी शराब और 101 वाटर कूलर जब्त किए गए। हालांकि पुलिस की कार्रवाई के दौरान कंटेनर चालक मौके से फरार हो गया।
बरामद कंटेनर उत्तर प्रदेश (UP) नंबर का है। पुलिस ने वाहन और उसमें लदे सभी सामान को जब्त कर लिया है।
पानापुर करियात थाना की प्रभारी (SHO) सुमित्रा कुमारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और फरार चालक, वाहन मालिक तथा शराब तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पूरे नेटवर्क पर पुलिस पूरी तरह नकेल कसने की तैयारी में है और जल्द ही इसमें शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाया जा रहा है कि शराब की खेप कहां से लाई जा रही थी और इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी।










